मामले में मृतक के बड़े भाई ने बाहरी युवकों को बुलाने और मारपीट का लगाया आरोप, मामले की जांच में जुटी पुलिस
धनबाद । दोस्तों के बर्थडे पार्टी में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमे झरिया के अभिजीत सिंह की दुर्गापुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई । आरोप है कि जन्मदिन को लेकर दोस्तों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि होटल के बाहर मारपीट होने लगी। इस दौरान अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर के मिशन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई । मौत की खबर से मचा कोहराम, परिजनों का रो – रो कर हुआ बुरा हाल ।
जन्मदिन की पार्टी में कैसे शुरू हुआ विवाद ने खड़े किए सवाल?
मृतक की पहचान झरिया नीचे राजबाड़ी रोड निवासी कोल कारोबारी राज प्रकाश सिंह के छोटे पुत्र लगभग 24 वर्षीय अभिजीत सिंह के रूप में हुई है। घटना रविवार 18 अक्टूबर की देर रात की है। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ युवक एक दोस्त का जन्मदिन मनाने के लिए होटल में पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दूसरे दोस्त का जन्मदिन अगले दिन था। इसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ जो कुछ ही देर में हिंसक रूप में तब्दील हो गया । हालांकि, जन्मदिन को लेकर विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और कहासुनी किस तरह हिंसक झड़प में बदली यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है । जांच पूरी होने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी । अभिजीत सिंह के बड़े भाई विकास सिंह के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर बाहरी युवकों को बुला लिया। इसके बाद होटल के बाहर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि झड़प के दौरान बांस डंडों और ईट – पत्थरों का भी इस्तेमाल किया गया, जिसमें अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। ये आरोप मृतक के परिजन की ओर से सामने आए हैं । मारपीट में शामिल लोगों की पहचान, उनकी भूमिका और पूरी घटना की सच्चाई पुलिस जांच के बाद सामने आएगी । घटना के बाद घायल अभिजीत सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर स्थित मिशन हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अभिजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। जिस पार्टी में दोस्तों के साथ खुशियां मनाने पहुंचे थे, वहीं अभिजीत की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए है?
घटना की सूचना मिलने के बाद धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस विवाद की वजह, मारपीट में शामिल लोगों और घटनास्थल पर मौजूद व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। घटना के संबंध में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है। जांच के बाद यह स्पष्ट होना अहम होगा कि विवाद किस बात पर शुरू हुआ, झड़प में कौन-कौन शामिल थे ।
