निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पन्दनी गांव में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां घर की ईंट की दीवार गिरने से मलबे में दबकर 8 माह की गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में उनका पति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है। मृतका की पहचान पन्दनी गांव निवासी शंकर राय की पत्नी लीलावती देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 12 बजे शंकर राय और उनकी पत्नी लीलावती देवी अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान पिछले कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी घर से सटी ईंट की दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। आधी रात को हुए इस हादसे के बाद दोनों मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए।
चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए नारायणपुर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच (पूर्व में पीएमसीएच) धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद लीलावती देवी को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अत्यंत भावुक होकर बताया कि लीलावती 8 माह की गर्भवती थीं और करीब एक महीने बाद उनके घर में बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। घटना के बाद से पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी मिहिर सोरेन पन्दनी गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और पीड़ित परिवार को ढाढस बंधाया। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार के लिए तत्काल उचित मुआवजे की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *