परिजनों के चीत्कार से दहल उठा बोंगा गाँव

रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक । थाना क्षेत्र के बोंगा गांव निवासी कैलाश प्रसाद मेहता का ज्येष्ठ पुत्र टिंकू कुमार (उम्र करीब 18 वर्ष) की मौत सिवाने नदी में नहाने के दौरान सैलाब में बहने से हो गई। पिछले तीन दिनों से जारी मूसलाधार वारिश के बीच टिंकू अपने दो दोस्तों के साथ उफनते सिवाने नदी में नहाने गया था। जहां पैर फिसलने से वह नदी के तेज धार में बह गया और देखते ही देखते आँखों से ओझल हो गया। घटना की सूचना पाकर थाना प्रभारी गौतम कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीण तथा स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से देर रात तक शव को ढूंढने का प्रयास लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई। गुरुवार को एनडीआरएफ़ की टीम घटना स्थल पर पहुंची। इस दौरान जिप अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, मुखिया उमेश प्रसाद मेहता, बीडीओ संतोष कुमार, सीओ अनंत कुमार झा,पूर्व मुखिया भागवत मेहता, दिलीप मेहता, सुजीत मेहता, समेत भारी संख्या में ग्रामीण भी पहुंच गए। एनडीआरएफ की टीम ने मात्र एक घंटे की मशक्कत के बाद शव को घटना स्थल से लगभग एक किमी की दूरी से ढूंढ निकाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया। जानकारी के अनुसार मृतक के पिता कैलाश प्रसाद मेहता मुंबई में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना पाकर वो अपने घर के लिए निकल चुके हैं। देर रात को वह घर पहुंचेंगे जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इधर अपने लाडले को खोने का दर्द परिजनों में साफ दिख रहा था। मां मुनिया देवी बहन मोनिका और छोटा भाई समेत परिजनों के चीत्कार से पूरा गांव दहल उठा। थाना प्रभारी गौतम कुमार ने लोगों से बारिश के दौरान नदी के तेज बहाव से दूरी बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *