निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देश पर जामताड़ा पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए गए एक माह के विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अभियान के दौरान जामताड़ा समेत अन्य जिलों और राज्यों से कुल 37 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मंगलवार, 25 अगस्त को संबंधित थाना प्रभारियों ने सत्यापन के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गुम हुए मोबाइल से संबंधित दर्ज सनहा एवं CEIR पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया था। इसके बाद सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने तकनीकी माध्यमों और CEIR पोर्टल की सहायता से गुम मोबाइल की तलाश शुरू की। बरामद किए गए मोबाइल में जामताड़ा थाना क्षेत्र से 08, नारायणपुर से 03, करमाटांड़ से 05, मिहिजाम से 05, नाला से 03, बिंदापाथर से 05, कुंडहित से 04, फतेहपुर से 01 और बागडेहरी थाना क्षेत्र से 03 मोबाइल शामिल हैं। इस प्रकार कुल 37 मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल वितरण के दौरान पुलिस की ओर से मोबाइल धारकों एवं उपस्थित लोगों को CEIR पोर्टल के उपयोग तथा गुम या चोरी हुए मोबाइल की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपने गांव, मोहल्ले, परिवार और परिचितों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करें। मोबाइल वापस मिलने पर वास्तविक धारक काफी खुश नजर आए। उन्होंने जामताड़ा पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। जामताड़ा पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें और सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए CEIR पोर्टल पर आवश्यक विवरण दर्ज कर ऑनलाइन शिकायत करें। पुलिस के अनुसार, गुम या चोरी हुआ मोबाइल यदि किसी अन्य व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल किया जाता है तो उसकी जानकारी संबंधित थाना एवं शिकायतकर्ता तक पहुंच सकती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजनों की सेवा, गुम हुई संपत्ति की बरामदगी और पुलिस के प्रति जनविश्वास को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *