निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । कुंडहित प्रखंड के पालाजुड़ी पंचायत अंतर्गत विजयपुर गांव में पिछले 25 दिनों से बिजली गुल है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। विभाग की लापरवाही से आक्रोशित ग्रामीणों से मिलने रविवार को समाजसेवी सजल दास विजयपुर पहुंचे। सजल दास ने मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 48 घंटे के अंदर विजयपुर गांव में नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर कुंडहित बिजली ऑफिस का घेराव किया जाएगा। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने सजल दास को बताया कि ट्रांसफार्मर खराब हुए करीब 25 दिन हो गए हैं। इस दौरान कई बार स्थानीय बिजली मिस्त्री और कुंडहित बिजली विभाग के कार्यालय में लिखित व मौखिक शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बिजली नहीं रहने से गांव का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। स्कूली बच्चे शाम होते ही पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। गर्मी और उमस के कारण बुजुर्ग और बीमार लोगों का हाल बेहाल है। किसानों की खेती प्रभावित हो रही है क्योंकि सिंचाई के लिए मोटर नहीं चल पा रहा। मोबाइल चार्ज नहीं होने से लोगों का संपर्क भी टूट गया है। राशन डीलर के यहां अंगूठा नहीं लग पाने से राशन लेने में भी दिक्कत आ रही है। छोटे दुकानदारों का कारोबार ठप पड़ा है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद सजल दास ने मौके पर ही ट्रांसफार्मर का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 25 दिन तक एक गांव को बिजली से वंचित रखना प्रशासनिक लापरवाही की पराकाष्ठा है।
सजल दास ने कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी अगर एक गांव 25 दिन तक अंधेरे में रहने को मजबूर है तो यह शर्म की बात है। बिजली आज मूलभूत सुविधा है, मौलिक अधिकार है। विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी भूल गए हैं। हम 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हैं। अगर इस अवधि में ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो हम सभी ग्रामीणों के साथ कुंडहित बिजली कार्यालय का ताला बंद करेंगे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जब तक बिजली बहाल नहीं होती, वे इस आंदोलन में गांव के साथ खड़े रहेंगे।
ट्रांसफार्मर के पास एकत्रित ग्रामीणों ने भी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने कहा कि बिल तो हर महीने समय पर वसूला जाता है लेकिन सेवा के नाम पर जीरो है।
अवसर पर चंदन राय, मधुसूदन राय, राधेश्याम घोष, नीताई घोष, शांतिमय मंडल, निशिथ राय, बिप्लब मंडल, प्रेम घोष सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब और इंतजार नहीं होगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विजयपुर गांव की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए ताकि लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।
