निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी उसका पिता पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, रविवार को बागबेर-कलाझरिया के बीच शीतलपुर मैदान के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक को रोककर उसकी डिक्की की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से भिठरा निवासी शराफत अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में शराफत अंसारी ने कई अहम खुलासे किए। उसने बताया कि उसका पिता मुर्तजा अंसारी लंबे समय से ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार में शामिल है। वह केवल नशीले पदार्थ की ढुलाई करता था, जबकि पूरे कारोबार का संचालन, पैसों का लेन-देन और हिसाब-किताब उसके पिता संभालते थे। पुलिस का मानना है कि दोनों पिता-पुत्र मिलकर संगठित रूप से मादक पदार्थों का कारोबार कर रहे थे।
घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा के एसडीपीओ वसीम रजा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने मुर्तजा अंसारी के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। कर्माटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे ने बताया कि इस संबंध में कर्माटांड़ थाना कांड संख्या 53/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी शराफत अंसारी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जामताड़ा मंडल कारागार भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
