निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में खरीफ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग लगातार किसानों के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में सदर प्रखंड के सोनवाद गांव में जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने किसानों के साथ धान की रोपाई कर उन्हें आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार और बीटीएम इकबाल हुसैन ने स्वयं किसानों के साथ खेत में उतरकर रोपाई की। उन्होंने किसानों को सुरक्षित तरीके से बिचड़ा (धान की नर्सरी) उखाड़ने, उसके उपचार (सीडलिंग ट्रीटमेंट) तथा वैज्ञानिक विधि से रोपाई करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बिचड़ा उपचार से फसलों में रोगों का प्रकोप कम होता है और बेहतर उत्पादन प्राप्त होता है। कार्यक्रम के दौरान आयोजित किसान गोष्ठी में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ-साथ सरकार की विभिन्न योजनाओं की भी जानकारी दी गई। वहीं कृषि मंत्री एवं कृषि निदेशक के निर्देशों के अनुपालन में नारायणपुर प्रखंड की मदनाडीह पंचायत में मिलेट मिशन का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। किसानों को मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती के लाभ, पोषण महत्व तथा सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देकर इसकी खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि विभाग ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती से जोड़ना, उत्पादन बढ़ाना और उनकी आय में वृद्धि करना है।
