निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कालाझरिया के समीप स्थित जामुनतर गांव में सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह गांव के लोगों को इलाके से तेज दुर्गंध आने का एहसास हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की, तो झाड़ियों के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना तत्काल करमाटांड़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
