निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । साइबर अपराधियों के विरूद्ध की गई कारवाई को लेकर साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस वार्ता कर बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल एवं पुलिस अवर निरीक्षक चन्द्रमणि भारती के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिण्डारी, सकलपुर और तिलैया (केन्दुआटांड़) गांवों में एक साथ छापेमारी कर पुलिस ने पिण्डारी दास टोला से दो सगे भाई निवासी प्रीतम दास, विनोद दास तथा बरमुण्डी निवासी मो. तुफान उर्फ तुफान अंसारी को रंगे हाथों साइबर अपराध करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 10 मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को HDFC Bank, State Bank of India और अन्य बैंकों का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते थे। वे केवाईसी अपडेट, डेबिट/क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड सक्रिय करने का झांसा देकर बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल माध्यमों से खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाया जा रहा था।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 (B), 66(C), 66(D) तथा टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की धारा 42(3) (e) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
