निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को जनरल मैनेजर कार्यालय के बाहर आर.के. गेट के समक्ष विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष दिनेश पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सिन्हा, कार्यकारिणी अध्यक्ष आशीष मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी एवं विभिन्न समूहों के सदस्य शामिल हुए। भारी बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में कर्मचारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर “रेलवे बचाओ, सीएलडब्ल्यू बचाओ, रोजगार बचाओ” के नारों के साथ प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन महामंत्री अनुज कुमार ने किया। धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने रेलवे में लगभग 30 हजार पदों की कटौती पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही वर्कशॉप में कार्यरत लैब कर्मचारियों को प्रोत्साहन भत्ता देने, ग्रुप-डी कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा अप्रेंटिसशिप कर चुके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई। संघ ने चित्तरंजन रेलवे के सभी प्रकार के क्वार्टरों के नवीनीकरण, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था में सुधार तथा बंगाल सरकार द्वारा लिए जाने वाले प्रोफेशनल टैक्स को बंद करने की भी मांग की। इसके अलावा मेकेनिकल विभाग में ग्रेड-1 में शीघ्र पदोन्नति, एसी इंस्टॉलेशन के नाम पर कर्मचारियों से लिए गए अतिरिक्त राशि की वापसी की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। धरना प्रदर्शन के दौरान संघ पदाधिकारियों ने स्थानीय मुद्दों को उठाते हुए पीओएफ एवं पीओएच को बंद करने, सीएमटी कैडर में प्रोत्साहन देने तथा फिटर ग्रेड-II से ग्रेड-I में पदोन्नति करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। संघ नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *