निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आगामी त्यौहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने जिले के विभिन्न थाना, ओपी एवं पुलिस प्रतिष्ठानों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसरों, सुरक्षा व्यवस्था, गश्ती व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती एवं संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी ली। साथ ही संबंधित थाना प्रभारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के साथ-साथ नियमित गश्ती एवं चौकसी बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
