निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को मिहिजाम थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने की, जबकि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वसीम रजा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में नगर प्रभाग इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान, नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, उपाध्यक्ष महावीर राय एवं नगर प्रबंधक विजय कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शांति समिति के सदस्यों ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं आपत्तिजनक पोस्ट पर कड़ी निगरानी रखने की मांग उठाई। सदस्यों ने कहा कि त्योहार के दौरान अफवाह और भ्रामक संदेश सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकते हैं, इसलिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
इसके अलावा मस्जिद रोड क्षेत्र में नाली की सफाई, बेहतर बिजली आपूर्ति एवं पर्व के दिन निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। बैठक में चित्तरंजन में प्रवेश को लेकर स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठा। कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि चिरेका प्रशासन द्वारा मिहिजाम के लोगों को चित्तरंजन जाने में अनावश्यक रोक-टोक का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली विभाग के प्रतिनिधि के बैठक में शामिल नहीं होने पर सदस्यों ने नाराजगी जाहिर की। वहीं इंदिरा चौक से रेलवे फाटक तक लगने वाले जाम की समस्या पर भी लोगों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए नगर क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
नगर प्रभाग इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने भरोसा दिलाया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। एसडीपीओ वसीम रजा ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने सोशल मीडिया पर संयम बरतने तथा किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने कुर्बानी के बाद निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों का उचित स्थान पर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करने की भी अपील की।
बैठक में कमल गुप्ता, दिनेश यादव, परवेज रहमान, राजेंद्र शर्मा, दाऊद अंसारी, उमेश झा, संजय सिंह, कृष्णा राम, दानिश रहमान, अरुण दास, इरशाद आलम, आलोक मिस्त्री, राहुल शर्मा, शबीर अहमद, यासर नवाज, अजीम अंसारी, रवि मिस्त्री, विष्णु देव मुर्मू, गुलाम रसूल, उत्तम रजक समेत बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
