निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । मैपिंग कार्यों में तेजी लाने एवं इसे अपडेट करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर शत-प्रतिशत मैपिंग के लिए अनमैप्ड मतदाताओं की सूची का प्रकाशन कल दिनांक 23.05.2026 को किया जायेगा। इस संबंध में उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं का पिछले गहन पुनरीक्षण में प्रकाशित मतदाता सूची के साथ मैपिंग का कार्य सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में चल रहा है। मतदाताओं को मैपिंग की अद्यतन स्थिति की जानकारी नहीं होने और रुचि कम होने के कारण इस कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। उन्होंने जिले के सभी अनमैप्ड मतदाताओं से अपील कर कहा कि अपने बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द अपनी मैपिंग सुनिश्चित करा लें। वहीं बताया गया कि अनमैप्ड प्रकाशित सूची के साथ संबंधित बीएलओ का नाम और उनका संपर्क नंबर भी अंकित रहेगा, ताकि मतदाताओं को सहूलियत हो एवं मैपिंग कार्य पूर्ण हो सके। इसके अलावा अनमैप्ड मतदाताओं की सूची की एक प्रति संबंधित बीएलओ को भी दी जाएगी, ताकि उनके द्वारा एबसेंट, शिफ्टेड, मृत या डुप्लीकेट सूची को अंतिम रूप दिया जा सके। मतदाता अनमैप्ड मतदाता गणना प्रपत्र के साथ संलग्न किए जाने वाले जरूरी दस्तावेजों को तैयार कर घोषणा पत्र के साथ प्रस्तुत कर सकते हैं।
वहीं उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार द्वारा बताया गया कि 08 नाला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत 84.27 प्रतिशत एवं 09 जामताड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत 76.53 प्रतिशत मैपिंग का कार्य किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के अंदर सभी अनमैप्ड मतदाता अपने बीएलओ के माध्यम से मैपिंग करा सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा झारखण्ड सहित अन्य राज्यों/यूटी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा कर दी गयी है। आयोग द्वारा इसके लिए झारखंड में 01.10.2026 को अर्हता तिथि निर्धारित करते हुए संबंधित गतिविधियों के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए समयबद्धता के साथ पूर्ण करने हेतु दिशा निर्देश दिया गया है।
