निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जामताड़ा-दक्षिणबहाल मुख्य सड़क स्थित दक्षिणबहाल जोरिया में पथ निर्माण विभाग की देखरेख में बन रहे करीब 1.81 करोड़ रुपये की लागत वाले डायवर्सन पुल और एप्रोच रोड निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही एप्रोच रोड के कुछ हिस्सों में दरारें उभर आने से स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और विभागीय निगरानी में लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार करीब 700 मीटर लंबे एप्रोच रोड एवं डायवर्सन पुल का निर्माण कार्य अभी जारी है। दक्षिणबहाल काली मंदिर से पुलिस लाइन की ओर आने वाली एप्रोच रोड पर लगभग 50 मीटर लंबी पीसीसी सड़क बनाई गई है। इसी सड़क के करीब एक मीटर हिस्से में दरार और टूट-फूट दिखाई देने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विभागीय स्तर पर बताया गया है कि पीसीसी सड़क पर भारी वाहन गुजरने के कारण दरार आई है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होता तो सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती। वहीं एप्रोच रोड के शेष हिस्से में अभी कालीकरण (ब्लैकटॉप) का कार्य होना बाकी है।
इधर लगभग 100 मीटर ह्यूम पाइप आधारित डायवर्सन निर्माण कार्य भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानक सामग्री और तकनीकी प्रावधानों की अनदेखी की गई है। साथ ही प्राक्कलन से कम दर (बिलो रेट) पर कार्य आवंटित किए जाने के कारण गुणवत्ता से समझौता होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि विभागीय अधिकारियों द्वारा समय-समय पर निगरानी की जाती तो निर्माण कार्य में इस प्रकार की खामियां सामने नहीं आतीं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *