निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : शहर के सरखेलड़ीह मोहल्ले में स्थित एक मोबाइल दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर लाखों रुपये मूल्य के मोबाइल फोन एवं नगद राशि की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार चोर देर रात दुकान क दीवार तोड़कर अंदर घुसे और दुकान में रखे महंगे मोबाइल फोन, एक्सेसरीज तथा गल्ले में रखी नगद राशि लेकर फरार हो गए। सुबह जब दुकान संचालक दुकान खोलने पहुँचे तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा देख घटना की जानकारी हुई। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है तथा चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यवसायियों में आक्रोश देखा जा रहा है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी तथा रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *