निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत आज राजकीय पशु चिकित्सालय जामताड़ा में सदर प्रखंड के तीन पंचायतों के कृषकों के बीच बकरा-बकरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रखंड प्रमुख पार्वती सोरेन, पशु चिकित्सक सुनील प्रसाद, दाऊद अंसारी समेत विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान चयनित लाभुकों को बकरा-बकरी उपलब्ध कराया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के किसान पशुपालन के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें। कृषकों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे उन्हें रोजगार और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। मौके पर पशु चिकित्सक डॉक्टर सुनील प्रसाद ने बताया कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का उद्देश्य ग्रामीण किसानों एवं पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि बकरी पालन कम लागत में बेहतर आमदनी का माध्यम बन रहा है और सरकार किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार इस तरह की योजनाएं चला रही है। उन्होंने लाभुकों को पशुओं के रखरखाव, टीकाकरण एवं उचित देखभाल की भी जानकारी दी और जरूरी दवा का भी वितरण किया।
