निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब कारोबार एवं असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में फतेहपुर थाना पुलिस द्वारा सघन छापामारी अभियान चलाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की गई। गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी फतेहपुर के नेतृत्व में ग्राम बेलबोरॉय स्थित विश्वजीत गोराई के ठंडा एवं कोल्ड ड्रिंक दुकान में छापामारी की गई। छापामारी के दौरान दुकान से विभिन्न ब्रांड की विदेशी अंग्रेजी शराब एवं बीयर भारी मात्रा में बरामद किया गया। पूछताछ के क्रम में अभियुक्त शराब भंडारण एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट अथवा कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके उपरांत मौके से अभियुक्त विश्वजीत गोराई को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद शराब को विधिसम्मत रूप से जप्त करते हुए इस संबंध में फतेहपुर थाना कांड सं० 15/2026, धारा 274/275/292 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं 47(a) झारखंड उत्पाद अधिनियम के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
जामताड़ा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि अवैध शराब, नशा कारोबार एवं अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर दें। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु पुलिस का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *