निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । सदर थाना से मात्र एक सौ मीटर की दूरी पर पुराना कोर्ट मोड़ पर स्थापित धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई है। प्रतिमा का तीर तोड़े जाने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। प्रतिमा की टूटी हुई हालत देखी तो देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नेताओं ने इस घटना को आदिवासी समाज की भावनाओं से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं सी ओ सह बी डी ओ अबिश्वर मुर्मू ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही मौके पर पंहुचा हूँ, मैं लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ कहा है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं स्थानीय समाज के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना में शामिल लोगों को चिन्हित कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। वहीं क्षतिग्रस्त मूर्ति की मरम्मत कार्य जल्द कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *