निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । साइबर अपराधियों ने डीसी सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बना लिया है। जानकारी के अनुसार साइबर अपराधियों ने +62851-7749-2564 नंबर जो इंडोनेशिया का है, फेक व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से संपर्क करने की कोशिश की है। इस अकाउंट में डीसी का नाम और फोटो इस्तेमाल किया गया है, जिससे लोगों को भ्रमित किया जा रहा है।डीसी आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि यह अकाउंट फर्जी है और इसका जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और तुरंत उसे ब्लॉक कर दें। प्रशासन ने कहा है कि यदि इस फर्जी अकाउंट से किसी भी प्रकार की धनराशि की मांग की जाती है, तो उसे पूरी तरह नजरअंदाज करें और तुरंत साइबर थाना या पुलिस को इसकी सूचना दें। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि साइबर अपराधियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी अनजान नंबर से आए मैसेज से सतर्क रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *