निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । साइबर अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत जामताड़ा साइबर अपराध थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना टीम ने छापेमारी कर एक संदिग्ध के घर से भारी मात्रा में नकदी समेत डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सूचना दी कि साइबर ठगी से अर्जित रकम एक व्यक्ति के घर में रखी गई है। इसी आधार पर साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्रसन्नजीत दां के घर की तलाशी ली, जहां से 7 लाख 50 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
इस मामले में साइबर थाना जामताड़ा में कांड संख्या 23/26 दर्ज कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4)/319(2) और आईटी एक्ट की धारा 66(B), 66(C), 66(D) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि बरामद रकम साइबर ठगी से जुड़ी हो सकती है, जिसकी कड़ी जांच की जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। फिलहाल एक गिरफ्तारी हुई है, लेकिन जांच के साथ इस पूरे रैकेट के बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *