निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । दालों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और पोषक अनाज के उत्पादन को प्रोत्साहित करने को लेकर आज जिला कृषि कार्यलय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में “दालों में आत्मनिर्भरता मिशन” तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (एनएफएसएनएम) के अंतर्गत पोषक अनाज योजना की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान दालों के उत्पादन को बढ़ाने, किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि एनएफएसएनएम के तहत पोषक अनाज जैसे मोटा अनाज (मिलेट्स) के उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ लोगों को पौष्टिक आहार भी मिल सके। साथ ही दालों में आत्मनिर्भरता मिशन के माध्यम से जिले को दाल उत्पादन में सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
