झरिया । बुधवार को झरिया थाना क्षेत्र से एक बार फिर भू-धसान की घटना सामने आई है। बताया जाता है कि बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे चौथाई कुल्हि धर्म नगर में अचानक जमीन हिलने लगी और घरों के दीवार व जमीन फटने लगी जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में आधा दर्जन से ज्यादा घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कई घरों की दीवारें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। सुबह लगभग 8 बजे अचानक जमीन में तेज कंपन महसूस हुआ। जब तक लोग कुछ समझ पाते उनके घरों की दीवारों से दीवारों के फटने की आवाजें आने लगीं। देखते ही देखते दीवारों में चौड़ी दरारें पड़ गईं और कुछ हिस्सों की छतें व दीवारें गिर गईं।
बाल-बाल बची जान: भगवान की कृपा रही कि कंपन महसूस होते ही लोग तुरंत अपने घरों से बाहर खुले मैदान की ओर भागे, जिससे लोगों की जान बच गई। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है ।
बताया जाता है कि राजू खान, गायत्री देवी, महेंद्र गोप, प्रदीप गोप, कैलाश गोप, सलीम सिद्दीकी, सुनील राय के घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रशासन और बीसीसीएल की बेरुखी से आक्रोश,,,,,
घटना के घंटो बाद भी बीसीसीएल या जिला प्रशासन के लोग पीड़ितों का सुध लेने नही पहुंचे जिस कारण स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है किः अब तक बीसीसीएल का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं, लेकिन उनके पुनर्वास या सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
