जोरापोखर। जोरापोखर थाना क्षेत्र के शालीमार स्थित प्राथमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर लगभग बारह हजार रुपये की सामग्री की चोरी कर ली है। घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार वर्णवाल ने मंगलवार को जोरापोखर थाना में लिखित सूचना देकर विद्यालय की सुरक्षा और चोरी गए सामानों की बरामदगी की मांग की है। बताया जाता है कि राज्य के शिक्षा मंत्री के निधन पर विद्यालय में दो दिनों की सरकारी छुट्टी थी। मंगलवार को विद्यालय खुलने के बाद जब प्रधानाध्यापक श्री वर्णवाल अंदर गए तो सामान बिखरा पड़ा देख उन्हें चोरी का संदेह हुआ। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने विद्यालय के कार्यालय और किचन का ताला तोड़कर साउंड सिस्टम, बर्तन, वेट मशीन, खाद्य सामग्री सहित कई सामानों की चोरी कर ली है। चोरी के बाद चोर कुछ अनुपयोगी सामान जैसे रेडियो, कुकर के ढक्कन आदि को गेट के बाहर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
