भागने के क्रम में कोयला लोड करने आए एक ट्रक ने बस्ती निवासी गीता देवी का घर तोड़ दिया

झरिया । घनुडीह ओपी क्षेत्र के दुर्गापुर कुम्हार बस्ती में सोमवार की रात कोयला चोरी को लेकर दो गुटों के बीच गोली बारी की घटना हो गई। इसी दौरान भागने के क्रम में कोयला लोड करने आए एक ट्रक ने बस्ती निवासी गीता देवी का घर तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन, स्थानीय पार्षद तथा भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान से शिकायत की और अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि बीती रात कोयला चोरों के दो गुट बस्ती के पास पहुंचे थे। कोयला लोडिंग की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा क्षेत्र दहल उठा। इसी बीच एक ट्रक तेजी से वहां से भागा और घर को तोड़ते हुए निकल गया। इस संबंध में भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान ने कहा कि कोयला चोरी के कारण कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। प्रशासन को इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और जिनका घर क्षतिग्रस्त हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध कारोबार पर रोक नहीं लगी तो सड़क जाम किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में बालू गद्दा क्षेत्र में भी इसी तरह ट्रक की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हुई थी। ऐसे में यहां भी कभी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इधर, घनुडीह ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने गोलीबारी की घटना से इनकार करते हुए कहा कि उनके पास अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, फिर भी मामले की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *