राम नवमी की घटना पर बलियापुर थाना में शांति एवं सद्धभावना समिति की अहम बैठक

एसएसपी श्री प्रभात कुमार बोले – “न निर्दोष फंसेगा, न दोषी बचेगा”

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने की दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

अफवाहों से दूर रहने और भाईचारा बनाए रखने की अपील

बलियापुर । राम नवमी के दिन बलियापुर थाना क्षेत्र के भीखराजपुर में हुई घटना को लेकर मंगलवार को बलियापुर थाना परिसर में शांति एवं सदभावना समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने की। इस दौरान पुलिस प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाज के प्रबुद्ध वर्ग के लोग तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक में मौजूद सभी लोगों ने एक स्वर में घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं कुछ लोगों ने यह भी आग्रह किया कि जांच के दौरान निर्दोष लोगों को परेशान न किया जाए और उनके प्रति संवेदनशील रवैया अपनाया जाए।

सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने स्पष्ट शब्दों में भरोसा दिलाया कि पुलिस किसी भी प्रकार की दुर्भावना से कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि “न तो किसी निर्दोष को फंसाया जाएगा और न ही किसी दोषी को बख्शा जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस बिना किसी दबाव के निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में जुटी हुई है।

एसएसपी महोदय ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक हैं और समाज के सभी वर्गों को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे घटना में शामिल शरारती तत्वों की पहचान करने में पुलिस की मदद करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बेवजह डरने या भागने की जरूरत नहीं है, निर्दोष लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

फरार आरोपियों को लेकर एसएसपी ने साफ कहा कि वे जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून के दायरे में आने वालों के साथ नियमानुसार सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाएगा।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने समाज में आपसी एकता और भाईचारे को बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि नफरत फैलाने वाले तत्व अंततः स्वयं ही उसका शिकार बनते हैं। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

इस बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, एडीएम विधि व्यवस्था हेमा प्रसाद, एसडीएम लोकेश बारंगे, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष सत्यम, डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम, डीएसपी मुख्यालय शंकर कामती, निरसा विधायक अरुप चटर्जी, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, श्रीमती तारा देवी, थाना प्रभारी सत्याजीत कुमार, अंचल निरीक्षक नूतन मोदी, सीओ मुरारी नायक, बीडीओ पीसी दास सहित कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कुल मिलाकर बैठक का मुख्य उद्देश्य शांति, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करना रहा, जिसमें सभी वर्गों ने मिलकर सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *