धनबाद । झारखंड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा में अपराधियों ने फिल्मी अंदाज में डकैती की एक घटना को अंजाम दिया, जीसके बाद से क्षेत्र में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है । मामले को लेकर बताया जाता है कि बरवाअड्डा थाना अंतर्गत मिश्रीडीह मोड़ में सोमवार की देर रात आर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर में अपराधियों ने लाखों रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया। लगभग 10 की संख्या में पहुंचे नकाबपोश अपराधी देर रात घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर दाखिल हुए। घर में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर सबसे पहले बच्चों को बंधक बना कर अपने कब्जे में ले लिया, जिससे बच्चे काफी डर गए । बच्चों को बंधक बना देख घर के अन्य सदस्य भी डर गए और विरोध नहीं कर पाए । इसके बाद डकैतों ने पूरे घर की तलाशी ली और एक-एक कमरे को खंगाल उत्पात मचाया । अपराधियों ने लगभग साढ़े तीन लाख रुपये नकद और लगभग बीस लाख रुपये के सोने व चांदी के आभूषण लूट लीया । इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ लेकर फरार हो गए। गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें आशंका है कि बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके कारण इतनी बड़ी घटना के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली। घटना के बाद रात लगभग 2 बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस सुबह साढ़े चार बजे मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *