निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में हुए दो नगर निकाय चुनावों में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) समर्थित प्रत्याशियों की करारी हार के बाद पार्टी संगठन हरकत में आ गया है। केंद्रीय कमिटी के निर्देश पर जिला कमिटी ने हार की समीक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज जिला कार्यालय में जेएमएम के जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के विभिन्न मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान सभी मोर्चों से चुनाव परिणाम को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि केंद्रीय कमिटी के निर्देश पर नगर निकाय चुनाव में हुई हार के कारणों की गहन समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी मोर्चों से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को मजबूत करने और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। पार्टी हार के कारणों का विश्लेषण कर आगामी चुनावों में रणनीति में सुधार करने की कोशिश करेंगे। वहीं केंद्रीय कमिटी सदस्य अषोक मंडल ने बताया कि नगर निकाय चुनाव में हमारी पार्टी समर्थित प्रत्यशी की हार हुई है, हमलोग हार के कारणो की समीक्षा कर रहे हैं। इस मौके पर जिला सचिव परेश यादव, उपाध्यक्ष रविंद्र नाथ दुबे, कैलाश प्रसाद साव, चमेली देवी व अन्य मौजूद रहे।
