निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच युद्ध का असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिलने लगा है। जिले में रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर लेने के लिए उन्हें कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है, इसके बावजूद समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों ने गैस एजेंसियों पर मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एजेंसी में गैस उपलब्ध रहने के बावजूद जानबूझकर वितरण में देरी की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान होना पड़ रहा है। रसोई गैस की किल्लत के कारण खासकर महिलाओं को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि घरों में खाना बनाने का काम प्रभावित हो रहा है। इधर लोगों ने प्रशासन से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
