निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के दो नगर निकाय क्रमशः जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद में निकाय चुनावों के बाद नई नगर सरकार का गठन हो गया है। आज समाहरणालय में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह आयोजित की गई। जहां डीसी रवि आनंद ने जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष आशा गुप्ता और 16 वार्ड पार्षदों तथा मिहिजाम नगर परिषद के अध्यक्ष जय श्री देवी और 20 वार्ड पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपने पद की जिम्मेदारी संभालते हुए क्षेत्र के विकास और जनसेवा के प्रति संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद दोनों निकायों में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराए गए। जामताड़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 2 की ज्योत्स्ना बाउरी निर्विरोध उपाध्यक्ष चुनी गईं, जबकि मिहिजाम नगर परिषद में जुगनू उर्फ महावीर राय उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। दोनों उपाध्यक्षों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। मिहिजाम नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए कुल चार उम्मीदवार मैदान में थे। वार्ड संख्या 8 से महावीर राय उर्फ जुगनू राय, वार्ड संख्या 5 से झिमली मजूमदार, वार्ड संख्या 2 से रवि कुमार मिस्त्री और वार्ड संख्या 5 से मुमताज बानो।
मतदान परिणाम के अनुसार महावीर राय उर्फ जुगनू राय को 8 मत प्राप्त हुए और उन्हें विजयी घोषित किया गया। अन्य उम्मीदवारों को मिले मत इस प्रकार थे: झिमली मजूमदार-5 मत, रवि कुमार मिस्त्री- 2 मत, मुमताज बानो- 5 मत। इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्षों और उपाध्यक्षों ने शहर के विकास, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में विकास कार्यों को गति देने का भरोसा जताया। नई टीम के गठन के साथ ही दोनों नगर निकायों में प्रशासनिक कार्यों की औपचारिक शुरुआत हो गई है, जिससे क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
