निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । साइबर ठगी के लिए बदनाम जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 साइबर अपराधियों को रंगे हाथ दबोच लिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में आरोपियों को फर्जी मोबाइल, सिम कार्ड, लैपटॉप और मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि सूचना मिली थी कि करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पदमडीह गांव के पास कुछ लोग साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी अमृत कुमार राम के नेतृत्व में टीम बनाई गई और मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस ने टॉड़ इलाके में घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए अपराधियों में उज्जवल कुमार शाही, राजेन्द्र मंडल, राजकिशोर शाही, अजीत कुमार मंडल, अमित कुमार शाही और कुन्दन कुमार मंडल शामिल हैं। सभी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद किया। इनमें 13 मोबाइल फोन, 18 फर्जी सिम कार्ड, एक लैपटॉप और 4 मोटरसाइकिल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी उपकरणों का इस्तेमाल साइबर ठगी को अंजाम देने में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, ये अपराधी गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डाल देते थे। जब कोई ग्राहक मदद के लिए कॉल करता, तो ये खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर भरोसा जीत लेते थे। इसके बाद Quick Support और AnyDesk जैसे ऐप डाउनलोड करवाकर मोबाइल का एक्सेस ले लेते थे और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी निकालकर पैसे उड़ा देते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इनका नेटवर्क सिर्फ जामताड़ा तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों में लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। इस पूरे मामले में जामताड़ा साइबर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन जुड़े हैं और कितने लोगों को इन्होंने अपना शिकार बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *