निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ईद के मौके पर दिनदहाड़े एक महिला से कान की बाली झपट ली गई। घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के सरखेलडीह की है। बताया जा रहा है कि महिला अपने घर के बाहर कपड़े सुखा रही थी, तभी बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर उसके कान की बाली छीन ली। इस दौरान झपट्टेबाजी इतनी तेज थी कि महिला के कान में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। महिला के पति इकबाल अंसारी ने बताया कि मैं घर से बाहर था, अचानक सूचना मिली। जब पहुंचा तो देखा कि मेरी पत्नी के कान की बाली चोर छीनकर फरार हो गए। इसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये से ज्यादा है। घटना के बाद मोहल्ले के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जामताड़ा टाउन थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। दिन के उजाले में रिहायशी इलाके में इस तरह की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *