निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । रोजा के अवसर पर नेशनल ह्यूमन राइट्स, जस्टिस एंड मूवमेंट के राष्ट्रीय सचिव हाफिज एहतेशाम मिर्जा के आवास पर भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी शामिल हुईं। इफ्तार के बाद सभी लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की और अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी। आयोजन में सामाजिक सौहार्द और एकता की झलक साफ देखने को मिली। इस दौरान हाफिज एहतेशाम मिर्जा ने कहा कि रमजान का महीना त्याग, संयम और इंसानियत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा मजबूत होता है और सभी को मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने आयोजन की सराहना की और इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया।
