निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । नारायणपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुर स्थित कस्तूरबा 11वीं कक्षा की छात्रा छमोली टुडू की उपचार के दौरान हुई मौत का मामला अब कानूनी रूप ले लिया है। मृतका के भाई कसकोल टुडू के लिखित आवेदन पर वार्डन पारुल मांझी के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। नारायणपुर थाना कांड संख्या 27/2026 के तहत भारतीय न्यायिक दंड संहिता की धारा 106 एवं एससी-एसटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है। जानकारी हो कि विगत शनिवार को छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। परिजन शुरू से ही वार्डन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराने की मांग कर रहे थे और थाना परिसर में विरोध प्रदर्शन भी कर चुके थे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के निर्देश पर जामताड़ा उपायुक्त रवि आनंद द्वारा एसडीओ अनंत कुमार व अन्य के नेतृत्व जांच टीम गठित की गई, जो को विद्यालय पहुंची और करीब पांच घंटे तक गहन पूछताछ की. टीम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार कर रहे थे। जांच टीम में डीइओ चार्ल्स हेंब्रम, थाना प्रभारी मुराद हसन, सीआई सौरभसुमन, एमओ राजू रंजन, कल्याण पदाधिकारी दिवाकर कुमार, राजस्व कर्मचारी निरंजन मिश्रा, बीईईओ सर्किल मरांडी, बीपीओ अनामिका हांसदा और मुखिया मुन्नी मरांडी शामिल थीं। टीम ने वार्डन पारुल मांझी सहित शिक्षिकाओं और अन्य कर्मचारियों से अलग-अलग बिंदुओं पर पूछताछ कर लिखित बयान दर्ज किए। विद्यालय के चौकीदार और रसोइये से भी पूछताछ की गई. मंत्री के हस्तक्षेप और जांच के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए थे, जिसके बाद सोमवार को यह विस्तृत जांच संपन्न हुई।
एसडीओ अनंत कुमार ने मामले की जांच के बाद बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर गठित टीम ने सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ कर रिपोर्ट तैयार की है, जिसे शीघ्र ही उपायुक्त को सौंपा जाएगा. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *