निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । मिहिजाम थाना परिसर में आगामी ईद-उल-फितर, रामनवमी, चैती दुर्गा पूजा, सरहुल पर्व और हनुमान जयंती को लेकर सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई, जिसमें क्षेत्र में त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मुख्य रूप से जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लांगुरी, नगर परिषद अध्यक्ष जयश्री देवी, थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे, चित्तरंजन आरपीएफ टाउन पोस्ट के इंस्पेक्टर मदन पासवान, वार्ड पार्षद संजू महतो, जुगनू राय, प्रमिला देवी, रमेश रजक सहित सुरेश राय, पुल्लू यादव, दिनेश यादव, दानिश रहमान तथा विभिन्न अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी सहयोग से पर्व मनाने को लेकर अपने-अपने विचार रखे।
इस मौके पर एसडीपीओ विकास आनंद लांगुरी ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शांति समिति की लगातार तीन बैठकों में शामिल नहीं होने वाले सदस्यों को सदस्यता से हटाने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डीजे बजाने पर हाई कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक में सभी उपस्थित लोगों ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिया।
