निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । रेलवे स्टेशन पर पुराने पैदल पुल के बंद होने से शहरवासियों में नाराजगी बढ़ गई है। सोमवार को नागरिक मंच जामताड़ा के बैनर तले स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के एक छोर से दूसरे छोर तक जाने वाला पुराना पैदल पुल लंबे समय से जर्जर हालत में है। रेलवे ने इसे मरम्मत या पुनर्निर्माण के लिए बंद कर दिया है। लेकिन मरम्मत का काम धीरे-धीरे चल रहा है, जिससे लोगों को रोजाना समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी रेलवे ट्रैक पार करने या लंबा चक्कर लगाने को मजबूर हैं। इससे समय की बर्बादी के साथ-साथ सुरक्षा का भी खतरा बढ़ गया है।
प्रदर्शन कर रहे नागरिकों ने रेलवे प्रशासन के सामने अपनी तीन प्रमुख मांगें रखीं। सबसे पहले, उन्होंने कहा कि पुराने पैदल पुल की मरम्मत में तेजी लाकर इसे तुरंत जनता के लिए खोल दिया जाए, ताकि लोग आसानी से स्टेशन के दोनों छोरों तक जा सकें।
इसके अलावा, नागरिकों ने पला बगान क्षेत्र के सामने एक नया पैदल पुल बनाने का काम सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि बढ़ती आबादी के लिए राहत मिल सके और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो।
तीसरी मांग में उन्होंने दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच आसनसोल-जसीडीह के बीच नई लोकल ट्रेन चलाने की मांग की, जिससे दैनिक यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधा मिल सके।
मंच ने साफ कहा कि अगर रेलवे प्रशासन इन मांगों पर जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाता है, तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान शहर के कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग प्रदर्शन में शामिल रहे।
