झरिया । सोमवार के अहले सुबह लगभग 4:30 बजे झरिया के भागाबान्ध ओपी क्षेत्र के केंदुआडीह बस्ती के समीप प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई । इस दौरान प्रिंस खान के दो गुर्गों को गोली लगी है । वही एक गुर्गा भागने के दौरान गिर गया जिससे उसका पैर टूट गया है । वही दो गुर्गों के फरार होने की सूचना मिल रही है । पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान के 5 शूटर केंदुआडीह बस्ती के समीप खंडरनुमा खाली घर में छुपे हुए है । जिसके बाद भगाबाँध ओपी के केंदुआडी बस्ती के समीप धनबाद पुलिस ने रांची पुलिस और पलामू पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान के शूटरों को घेर लिया। जिसके बाद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, फिर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में प्रिंस खान के दो शूटर पुलिस की गोली से घायल हो गए जबकि एक अपराधी अफजल उर्फ अमन भागने के दौरान गिर गया और उसका पैर टूट गया । जिसके बाद पुलिस ने तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया । पकड़े गए अपराधीयों में विक्की डोम अफजल उर्फ अमन और अमन सिंह उर्फ कुबेर सिंह शामिल है । अमन सिंह जो पलामू का रहने वाला है वही प्रिंस खान के ऑडियो वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करता था । बताया जाता है कि पकड़े गए ये सभी अपराधी रांची में हुए हाल के दिनों में एक रेस्टोरेंट में फायरिंग घटना में शामिल थे । वहीं घटना स्थल से पुलिस ने आर्म्स, जिंदा बम, जिंदा कारतूस व मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद किया है । FSL और BDDS की टीम मौके पर पहुंच रही है । और जांच पड़ताल कर आगे कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद धनबाद एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत धनबाद के आला अधिकारी घटना स्तर पर पहुंचे गए हैं और क्षेत्र को सील कर मामले की जांच में जुट गए है। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि सुबह लगभग 4:30 बजे सूचना मिली थी की प्रिंस खान के गुर्गे यहां छुपे हुए हैं ।जिसके बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी । अपराधियों को भनक लगते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी । जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्यवाई की। धनबाद एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि जो भी अपराधी गोली चलाएगा वह भी गोली जरूर खाएगा। फिलहाल पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील है ।
