निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा : जिले के नारायणपुर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की कक्षा 11 की छात्रा झमोली टुडू की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने नारायणपुर थाना पहुंचकर विद्यालय की वार्डन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. वहीं घटना को लेकर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जांच के आदेश दिए हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार झमोली टुडू (19) नारायणपुर थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर छात्रा को नारायणपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
वहीं छात्रा की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण नारायणपुर थाना पहुंच गए और विद्यालय प्रबंधन और वार्डन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग पर अड़ गए। इस दौरान परिजनों ने काफी हंगामा किया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र भ्रमण कर निकले स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी नारायणपुर थाना पहुंच गए. उन्होंने थाना प्रभारी से घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत के बाद उन्होंने मामले में तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने जांच टीम गठित कर जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही मंत्री ने परिजनों के आशंका को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम कराने का भी आदेश दिया. इस दौरान मंत्री ने शोक संतप्त परिवार को आर्थिक सहायता के साथ-साथ परिवार के एक सदस्य को अपने विभाग में नौकरी देने और सभी सरकारी योजना से जोड़ने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का आश्वासन मिलने के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शांत हुए, लेकिन घटना के बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में बच्चों की स्वास्थ्य सुविधा को लेकर सवाल खड़ा हो गया है. फिलहाल बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज में कोताही या लापरवाही बरती गई या नहीं यह तो जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *