इचाक – फुरुक्का नदी में डूबने से किशोर की मौत
पल भर में गृह प्रवेश की खुशियां मातम में बदल गई
रामावतार स्वर्णकार
हजारीबाग/इचाक । थाना क्षेत्र के देवकुली गांव निवासी निर्मल रविदास के 17 वर्षीय पुत्र शिवम् कुमार दास उर्फ छोटू की मौत गुरुवार को फुरुक्का नदी में नहाने के दौरान डूबने से हो गई। घटना गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्मल रविदास के घर गृह प्रवेश का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान शिवम् अपने जीजा पिंटू रविदास और कृपा रविदास तथा तीन अन्य बच्चे मायूस, राजा और उत्तम के नहाने के लिए फुरुक्का नदी स्थित पुराने पुल के नीचे गया था। उक्त स्थल देवकुली और फुरुक्का नदी का संगम स्थल है। नहाने के क्रम में राजा (13) गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख शिवम् राजा को बचाने के लिए गहरे पानी में चला गया। और राजा को निकालने लगा। इस बीच राजा तो बाहर निकल गया लेकिन शिवम् अचानक गायब हो गया। मौके की नजाकत को भांप शिवम् के दोनों जीजा समेत कई लोग शिवम् को बचाने के लिए गहरे पानी में शिवम् को ढूंढने लगे। लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे तत्काल बाहर नहीं निकाला जा सका। शोरगुल सुनकर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शिवम् की खोजबीन शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने शव को नदी से बाहर निकाला। और निजी वाहन की सहायता से उसे इचाक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। इस संबंध में थाना प्रभारी गौतम कुमार से पूछे जाने पर बताया कि घटना की जानकारी मिली है परंतु परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया है। इधर शिवम् का शव घर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पिता निर्मल रविदास, मां कंचन देवी, भाई पवन कुमार दास, बहन और परिजनों के चीत्कार से पूरा गांव दहल उठा। शिवम् तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था और शांत स्वभाव का युवक था। वह बिरसा इंटर महाविद्यालय में 11वीं का छात्र था। गुरुवार को उसे परीक्षा देने जाना था। खबर सुनकर मुखिया मंजू देवी, मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र कुमार दास, पंसस मनोहर कुशवाहा, पूर्व पंसस महेश पासवान, समाजसेवी उमेश गिरी, पूर्व मुखिया परमेश्वर रविदास समेत कई लोग पीड़ित परिवार का ढाढस बांधने उसके घर पहुंचे।
