धनबाद। धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर महापौर प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। यह विशाल रैली बनियाहिर से शुरू होकर झरिया बाजार, कतरास, बस्ताकोला और बैंक मोड़ होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची।इस दौरान पूरे मार्ग में समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ अमित कुमार अग्रवाल का भव्य स्वागत किया। रैली में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और व्यापारी वर्ग शामिल हुए, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।शक्ति प्रदर्शन के दौरान अमित कुमार अग्रवाल ने जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें मिल रहा अपार समर्थन शहर में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद का संकेत है। उन्होंने विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
रैली के अंत में रणधीर वर्मा चौक पर समर्थकों ने एकजुट होकर जीत का संकल्प लिया और आगामी चुनाव में भारी मतों से विजय दिलाने का भरोसा जताया।
