रांची/ दुमका । झारखंड में होने वाले नगर निकाय चुनावों से पहले 41 वार्ड के पार्षदों का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है, जबकि नामांकन दाखिल न होने के कारण तीन वार्ड रिक्त रह गए। झारखंड निर्वाचन आयोग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के लिए मतदान 23 फरवरी को होने हैं जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी।

41 पार्षद निर्विरोध चुने गए : झारखंड में नौ नगर निगमों,
20 नगर परिषदों और 19 नगर पंचायतों के 1,087 वार्ड में 48 महापौरों या अध्यक्षों और पार्षदों के पदों के लिए चुनाव निर्धारित हैं। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बताया कुल 41 पार्षद उनके वार्ड से एक-एक नामांकन प्राप्त करने के बाद निर्विरोध चुने गए।

तीन वार्ड में कोई नामांकन नहीं : राधे श्याम प्रसाद ने
बताया कि तीन वार्ड में कोई नामांकन प्राप्त नहीं होने के बाद ये रिक्त रह गए हैं। उन्होंने कहा कि डोमचांच नगर पंचायत (कोडरमा) के वार्ड पांच और 11 तथा जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के वार्ड 22 से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

5,569 उम्मीदवार चुनाव मैदान में: नामांकन प्रक्रिया 29
जनवरी को शुरू हुई और चार फरवरी को समाप्त हुई, जबकि नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया छह फरवरी को समाप्त हुई। महापौर के पदों के लिए 235 महिलाओ सहित कुल 562 उम्मीदवार मैदान में हैं। उन्होंने बताया वि पार्षद के पद के लिए 5,569 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 2,727 महिलाएं शामिल हैं।

वहीं दुमका में भी वार्ड नम्बर 13 में दो नामांकन रद्द हो गए है । वार्ड नंबर 13 से पूर्व वार्ड पार्षद सुमन स्वर्णकार और उनकी प्रतिद्वंद्वी गायत्री जायसवाल – दोनों का नामांकन रद्द कर दिया गया है। जूही रानी केसरी निर्विरोध निर्वाचित होंगी दुमका नगर परिषद के वार्ड पार्षद नामांकन की संवीक्षा में बड़ी खबर सामने आई है। वार्ड 12 से 16 के निर्वाची पदाधिकारी सह मसलिया सीओ रंजन कुमार यादव ने वार्ड नंबर 13 के तीन में से दो नामांकन खारिज कर दिया है। दोनों प्रत्याशियों द्वारा संलग्न जाति प्रमाण पत्र पति के निवास स्थान के आधार पर बना था, पिता के आधार पर नहीं। जाति प्रमाण पत्र अमान्य मानते हुए नामांकन पत्र निरस्त किया गया। वार्ड नंबर 13 से जूही रानी केसरी का नामांकन वैध घोषित हुआ। अब वार्ड 13 से जूही रानी केसरी एकमात्र वैध प्रत्याशी बची हैं। उनका निर्विरोध निर्वाचित होना तय माना जा रहा है। इसे लेकर जूही रानी केसरी के एक रिश्तेदार राहुल केसरी ने पूरी जानकारी देते हुए बताया कि इस खबर से उनके सगे संबंधी और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है । जिसमें मुख्य रूप से उनके रिश्तेदार, राहुल केसरी, सिद्धार्थ केसरी, सुरेश प्रसाद केसरी, कृष्ण प्रसाद केसरी, शत्रुघ्न केसरी आदि लोग शामिल हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *