निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जामताड़ा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी अब चरम पर पहुंच चुकी है। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन में जुट गए हैं। इसी कड़ी में नगर पंचायत जामताड़ा से अध्यक्ष पद के लिए चमेली देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन के उपरांत चमेली देवी ने समर्थकों के साथ रैली निकालकर नगरवासियों से जनसंपर्क किया और जनता से आशीर्वाद व समर्थन मांगा। रैली में जे एम एम के जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष सागिर खान, उपाध्यक्ष रविन्द्र नाथ दुबे, साकेत सिंह के अलावा दर्जनों नेता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान को उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
वहीं चमेली देवी के समर्थन में सारठ के जेएमएम विधायक उमाशंकर सिंह उर्फ चुनना सिंह तथा पूर्व मंत्री सह जेएमएम नेता मिथलेश ठाकुर उनके आवास पहुंचे। नेताओं की मौजूदगी से समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए उमाशंकर सिंह ने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत को समग्र विकास की जरूरत है और यह विकास चमेली देवी ही कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि चमेली देवी के पति, पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया, ने अपने कार्यकाल में जामताड़ा को विकास का एक नया आयाम दिया था, उसी परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य चमेली देवी करेंगी।
उन्होंने जनता से चमेली देवी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जामताड़ा नगर पंचायत विकास के पथ पर तेजी से आगे बढेगा।
