निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी अब चरम पर पहुंच चुकी है। नगर पंचायत जामताड़ा से अध्यक्ष पद की प्रत्याशी आशा गुप्ता ने नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। रैली में भाजपा नेता तरुण गुप्ता भी शामिल रहे। नामांकन के उपरांत आशा गुप्ता के नेतृत्व में गाजे-बाजे के साथ एक भव्य रैली निकाली गई, जो नगर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं चुनावी नारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा। इस दौरान प्रत्याशी ने मतदाताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन की अपील की। रैली को संबोधित करते हुए आशा गुप्ता ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो नगर पंचायत के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने रैली के माध्यम से नगरवासियों से सहयोग और समर्थन की अपील की। बताते चलें कि नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के बीच जनसंपर्क और शक्ति प्रदर्शन का दौर लगातार तेज होता जा रहा है, जिससे चुनावी माहौल और भी गर्माता नजर आ रहा है।
