निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । जिले के कर्माटांड़ प्रखंड अंतर्गत मठटांड़ पंचायत के कलझरिया मोड़, फाटक पार लखनपुर रोड स्थित मां लक्ष्मी ज्वेलर्स में बीती रात करीब 1:00 बजे अज्ञात चोरों ने वेंटिलेटर तोड़कर दुकान में घुसने की वारदात को अंजाम दिया। पहले इस घटना को देर रात की सामान्य चोरी समझा जा रहा था, लेकिन दुकान संचालक उमेश कुमार वर्मा ने भारत टीवी न्यूज़ को बताया कि यह घटना रात 9 बजे नहीं बल्कि करीब 1 बजे की है, जब बगल के घर में रहने वाली एक महिला, जिसका हाथ टूटा हुआ है और दर्द के कारण वह सो नहीं पा रही थी, ने खटपट की आवाज सुनी। उसे आशंका हुई कि उसके घर में कोई घुसपैठ हो रही है, जिसके बाद उसने घर मालिक को सूचना दी। जांच करने पर पता चला कि आवाज बगल की ज्वेलरी दुकान से आ रही थी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक उमेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। दुकान का वेंटिलेटर टूटा हुआ मिला और अंदर रखे चांदी के आभूषण बिखरे पड़े थे। दुकान मालिक के अनुसार चोर लगभग 4–5 हजार रुपये मूल्य की चांदी के गहने और करीब 1000 रुपये नगद ले गए। गनीमत रही कि बड़ी चोरी की वारदात टल गई और दुकान का मुख्य शोकेस सुरक्षित रहा।
घटनास्थल से पुलिस ने जांच के दौरान एक सफेद गमछा, मेहंदी रंग की टोपी और एक काले रंग की जैकेट बरामद की है, जिसे चोर जल्दबाजी में छोड़कर भागे बताए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस द्वारा दो संदिग्ध औजार भी जब्त किए जाने की सूचना है। मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस आसपास के इलाकों में सक्रिय ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले किसी संगठित गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।
लगातार आभूषण दुकानों को टारगेट किए जाने से व्यवसायियों में दहशत है। स्थानीय जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मंडल ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि अपराध की घटनाओं को दबाना नहीं बल्कि उजागर करना ही पत्रकारिता का धर्म है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है तथा पुलिस की कार्रवाई पर सबकी नजर टिकी है।
