निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जिला उद्यान कार्यालय के तत्वावधान में MIDH योजना के तहत ग्रीनरी कृषक पाठशाला, देवघर में जामताड़ा जिले के जामताड़ा, नारायणपुर एवं कर्माटांड़ प्रखंडों के 100 किसानों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को उन्नत एवं लाभकारी बागवानी खेती से जोड़ना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को उद्यान विभाग से मिलने वाले विभिन्न विभागीय लाभों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही स्ट्रॉबेरी की खेती, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, मटर की उन्नत खेती एवं गेंदा फूल की खेती जैसे विषयों पर बारीकी से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों के प्रयोग से उत्पादन बढ़ाने के तरीकों को व्यवहारिक रूप से समझाया।
प्रशिक्षण के अंतिम दिन जिला कृषि पदाधिकारी जामताड़ा लव कुमार, जामताड़ा प्रखंड की मेजिया पंचायत की मुखिया, कर्माटांड़ प्रखंड के BTM सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। इस अवसर पर किसानों को खेत में जाकर मटर एवं स्ट्रॉबेरी की खेती तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया गया, जिससे वे घर पर भी इन तकनीकों को आसानी से अपना सकें।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रशिक्षणार्थी किसानों के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। किसानों ने बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें आधुनिक खेती की बारीक जानकारियां मिली हैं, जिससे वे अपने खेतों में उन्नत तकनीकों को अपनाकर आय बढ़ा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *