निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । नगर निकाय चुनाव की सुगबुगाहट तेज होते ही संभावित प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश करनी शुरू कर दी है। चुनाव आयोग द्वारा जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद को महिला अनारक्षित घोषित किए जाने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल बढ़ गई है। इसी क्रम में जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र से समाजसेवी आशा गुप्ता ने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। आशा गुप्ता के चुनावी ऐलान के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। आज उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर अपनी मंशा स्पष्ट की। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जामताड़ा बार एशोसिएशन के अध्यक्ष मोहन बर्णन, राजा नित्यगोपाल सिंह, स्थानीय समाजसेवी, समर्थक एवं गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए आशा गुप्ता ने कहा कि वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं और नगर पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं जैसे साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली, शिक्षा और स्वास्थ्य—को नजदीक से समझती हैं। आशा गुप्ता ने 11 सूत्री घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे नगर के सर्वांगीण विकास, पारदर्शी प्रशासन और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देंगी।
मौके पर मौजूद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन बर्मन ने आशा गुप्ता के समर्थन में बात रखते हुए कहा कि आशा गुप्ता एक कर्मठ, ईमानदार और समाज के हर वर्ग के लिए समर्पित महिला हैं। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में नगर पंचायत को एक नई दिशा मिलेगी और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। नगर पंचायत की सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
