निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी की ओर से बुधवार को वीरग्राम नदी घाट पर बैठक सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ प्रखंड स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के अल्पसंख्यक विकास सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया। मौके पर मंत्री हफीजुल हसन ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2 फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में होने वाले पार्टी स्थापना दिवस की तैयारी पूरी ताकत के साथ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक दुमका पहुंचते हैं और इस बार भी जामताड़ा जिला से बड़ी भागीदारी की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक चुन्ना सिंह का अलग ही अंदाज देखने को मिला। नदी घाट पर उन्होंने शेरो-शायरी के जरिए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और काफी देर तक शायराना अंदाज में उनसे जुड़े रहे। जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अलग-अलग कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। वरिष्ठ नेता अशोक मंडल ने भी स्थापना दिवस की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर झामुमो के वरिष्ठ नेता रविंद्र नाथ दुबे, देवाशीष मिश्रा, चंचल राय, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष सगीर खान, चमेली देवी, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल, साकेस सिंह, इम्तियाज अंसारी, किशोर रवानी, सुभाष मिर्धा, रिजवान शेख, मो. सादिक, राजीव माजी, ध्रुव नारायण सरकार सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *