फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

प्रतिनिधि
हजारीबाग । कटकमसांडी थाना क्षेत्र के लुपुंग गांव में सोमवार को एक विवाहिता महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सरिता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी अप्रैल 2025 में लुपुंग निवासी जितेंद्र राणा से हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया। मृतका के परिजनों ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही सरिता को ससुराल में लगातार मानसिक और घरेलू प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। इसी को लेकर तीन से चार बार गांव स्तर पर पंचायत भी बैठाई गई थी, जिसमें आपसी विवाद को सुलझाने का प्रयास किया गया था। बावजूद इसके हालात में सुधार नहीं हुआ। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सरिता कुमारी का शव उसके पति जितेंद्र राणा (उम्र करीब 23 वर्ष) के घर के एक कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना सोमवार दोपहर लगभग चार बजे के आसपास की बताई जा रही है। जब घरवालों ने सरिता को फंदे से लटका देखा, तो गांव में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर कटकमसांडी थाना प्रभारी शिवम गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर बिंदु पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतका के मायके पक्ष का कहना है कि सरिता को दहेज और घरेलू बातों को लेकर अक्सर परेशान किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पति और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय घर में कौन-कौन मौजूद थे और सरिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
इस घटना के बाद लुपुंग गांव में मातम का माहौल है। विवाह के महज कुछ महीने बाद एक नवविवाहिता की इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *