निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । मां चंचला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित 13वां मां चंचला त्रिदिवसीय वार्षिक महोत्सव–2026 को ऐतिहासिक स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “आमंत्रण भक्तों के द्वार” कार्यक्रम के तहत जामताड़ा नगर पंचायत अंतर्गत गायत्री नगर में बैठक सह आमंत्रण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने की।
इस अवसर पर मां चंचला महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने माताओं-बहनों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच आमंत्रण पत्र वितरित करते हुए आगामी 16 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली भव्य मां चंचला कलश शोभा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए वीरेंद्र मंडल ने कहा कि जामताड़ा की कुल देवी मां चंचला की असीम कृपा से बीते 12 वर्षों से महोत्सव निरंतर भव्य रूप लेता जा रहा है। गायत्री नगर की बैठक में उमड़ी भीड़ और भक्तों का उत्साह इस बात का संकेत है कि इस वर्ष का महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और जनभागीदारी के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिसे लेकर समिति द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा चुकी हैं। पूरे शहर को धार्मिक वातावरण से सराबोर करने के लिए आकर्षक लाइटिंग, धार्मिक पताकाएं एवं डिजिटल तोरण द्वार लगाए गए हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि मां चंचला महोत्सव जामताड़ा की सांस्कृतिक पहचान है। यह गर्व की बात है कि जिला प्रशासन द्वारा महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिलाने हेतु राज्य सरकार को अनुशंसा की गई है। उन्होंने सभी माताओं-बहनों और भक्तजनों से 16 जनवरी को कलश शोभा यात्रा में शामिल होकर महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
बैठक में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने महोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *