निशिकांत मिस्त्री

जामताड़ा । जगत जननी मां चंचला की पावन धरती जामताड़ा में आयोजित होने वाले 13वें मां चंचला त्रिदिवसीय वार्षिक महोत्सव को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने हेतु जामताड़ा के सभी वर्गों, संस्थानों एवं भक्तजनों का सहयोग, समर्थन एवं बहुमूल्य सुझाव निरंतर प्राप्त हो रहा है। इसी क्रम में महोत्सव की तैयारियों को लेकर जामताड़ा नगर की सभी दुर्गा पूजा समितियों के सम्मानित सदस्यों एवं पदाधिकारीगण के साथ समाज कल्याण समिति कार्यालय प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महोत्सव के सफल, सुव्यवस्थित एवं भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा विभिन्न दायित्वों का निर्धारण किया गया। सभी दुर्गा पूजा समितियों ने महोत्सव को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मां चंचला महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र मंडल सम्मिलित हुए। जहाँ उन्होंने कहा कि मां चंचला का यह महोत्सव किसी एक संस्था या व्यक्ति का नहीं, बल्कि समस्त जामताड़ा वासियों की सामूहिक आस्था, परंपरा और सहभागिता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा समितियों का अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण महोत्सव को ऐतिहासिक ऊँचाई तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मां चंचला के आशीर्वाद, वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और सभी वर्गों के सहयोग से इस वर्ष का 13वां महोत्सव पहले से अधिक भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक होगा। उन्होंने सभी समितियों से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि महोत्सव के उपलक्ष में 16 जनवरी को आयोजित मां चंचला कलश शोभा यात्रा में जामताड़ा एवं आसपास के जिले से 40000 से अधिक माताएं बहनों के द्वारा कलश शोभा यात्रा में भाग लेने की संभावना हैं और साथ लाखों भक्तों का शोभा यात्रा में सम्मिलित होने की संभावना है,इसे देखते हुए सभी प्रकार की तैयारियों को पूर्ण कर लिया गया।
महोत्सव समिति ने बैठक में उपस्थित सभी दुर्गा पूजा समितियों के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहभागिता, संगठनात्मक सहयोग और भक्ति-परंपरा के साथ यह महोत्सव जामताड़ा के लिए गौरव का विषय बनेगा। मौके पर मुख्य रूप से मिक्कू दा,संतोष घोष,पप्पू चौधरी सहित तमाम समिति के सदस्यगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *