निशिकांत मिस्त्री
जामताड़ा । झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर, ईवीएम मशीन के माध्यम से तथा अभिलंब कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आज जामताड़ा के गांधी चौक पर धरना का आयोजन किया गया। इस धरना में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र मंडल विशेष रूप से शामिल हुए। इसके साथ ही धरना में जिले के कई भाजपा नेता, कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक नगर निकाय चुनाव को लेकर उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा। वहीं मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि झारखंड में लंबे समय से नगर निकाय चुनाव लंबित हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जानबूझकर चुनाव टाल रही है। रणधीर सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर और ईवीएम मशीन से कराना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है, ताकि जनता को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिल सके। वहीं भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वीरेंद्र मंडल ने कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं होने से शहरी विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिना निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के नगर निकायों का संचालन ठीक से नहीं हो पा रहा है। वीरेंद्र मंडल ने राज्य सरकार से मांग की कि वह जल्द से जल्द चुनाव की घोषणा करे, अन्यथा भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी।
